स्कूल सफाई कर्मचारियों का मानदेय भुगतान नहीं होगा तो नवाखाई त्यौहार होगा फीकी, बीईओ से तत्काल संज्ञान लेने की मांग
स्कूल सफाई कर्मचारियों का मानदेय भुगतान नहीं होगा तो नवाखाई त्यौहार होगा फीकी, बीईओ से तत्काल संज्ञान लेने की मांग
बरमकेला। विकासखंड बरमकेला के लगभग 350 स्कूल सफाई कर्मचारियों का मानदेय अब तक भुगतान नहीं होने के कारण कर्मचारियों में भारी निराशा है। आगामी 15 सितंबर 2026 को नवाखाई का त्यौहार है, लेकिन त्यौहार से पहले मानदेय नहीं मिलने के कारण अल्प मानदेय पर कार्य करने वाले गरीब कर्मचारियों के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है।
स्कूल सफाई कर्मचारी वर्ष 2011 से लगातार शासकीय स्कूलों में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था सहित आवश्यक कार्य पूरी जिम्मेदारी के साथ करते आ रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें महीने में मात्र लगभग ₹3500 मानदेय प्राप्त होता है। इतने कम मानदेय में कर्मचारी अपने परिवार का पालन-पोषण करते हुए अपनी आवश्यक जरूरतें पूरी कर रहे हैं।
त्यौहार के समय गरीब कर्मचारियों को उम्मीद रहती है कि समय पर मानदेय मिल जाएगा और वे अपने परिवार के साथ खुशी से नवाखाई पर्व मना सकेंगे। लेकिन अभी तक भुगतान नहीं होने के कारण कर्मचारियों की त्यौहार की खुशियां फीकी पड़ती नजर आ रही हैं। कर्मचारियों का कहना है कि गरीब कर्मचारी की आर्थिक परेशानी और त्यौहार की जरूरत को संबंधित कार्यालय द्वारा गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
10 सितंबर को ही दी गई थी जानकारी
स्कूल सफाई कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष ध्रुव यादव ने बताया कि दिनांक 10 सितंबर 2026 को विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारियों को अवगत कराया गया था कि 15 सितंबर को नवाखाई का त्यौहार है, इसलिए त्यौहार से पहले स्कूल सफाई कर्मचारियों का मानदेय भुगतान करवाने हेतु निवेदन किया गया था। इसके बावजूद अभी तक मानदेय भुगतान नहीं हो पाया है।
स्कूल सफाई कर्मचारी संघ की स्पष्ट मांग है कि कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति एवं नवाखाई त्यौहार को ध्यान में रखते हुए मानदेय भुगतान में और विलंब न किया जाए तथा तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।

