रेत ठेकेदारों की मनमानी के खिलाफ एकजुट हुए सरपंच, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन..
रेत ठेकेदारों की मनमानी के खिलाफ एकजुट हुए सरपंच, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन..
विकास कार्यों के बहिष्कार का दिया अल्टीमेटम..
रेत खदानों में लोडिंग के नाम पर प्रति ट्रिप 400 रुपये की अवैध वसूली का आरोप..
ग्राम पंचायतों के निर्माण एवं विकास कार्यों में रॉयल्टी से राहत देने की मांग..
सारंगढ़ । गांवों के विकास की जिम्मेदारी संभालने वाले ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि अब रेत ठेकेदारों की कथित मनमानी और अवैध वसूली के खिलाफ एकजुट होकर मैदान में उतर आए हैं। ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में आ रही बाधाओं और रेत खदानों में कथित अवैध वसूली के मुद्दे को लेकर सरपंच संघ ने प्रशासन के सामने मजबूती से अपनी आवाज बुलंद की है। सरपंच संघ के सचिव इंदु खूंटे सरपंच प्रतिनिधि रमेश खूंटे के नेतृत्व में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर रेत ठेकेदारों की मनमानी पर तत्काल रोक लगाने और पंचायतों के जनहितकारी निर्माण कार्यों को रॉयल्टी के बोझ से राहत देने की मांग की।
सरपंच संघ ने ज्ञापन में गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि रेत खदानों में ठेकेदारों द्वारा लोडिंग के नाम पर प्रति ट्रिप 400 रुपये की अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है। इस कथित अवैध वसूली का सीधा असर ग्राम पंचायतों में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों पर पड़ रहा है। पहले से सीमित बजट में गांवों की सड़क, नाली, भवन और अन्य मूलभूत सुविधाओं का निर्माण कराने वाले पंचायत प्रतिनिधियों के सामने आर्थिक चुनौती खड़ी हो रही है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जब गांवों के विकास के लिए स्वीकृत राशि का बड़ा हिस्सा ही रेत की अतिरिक्त लागत में खर्च होने लगेगा, तो ग्रामीण विकास की गति कैसे बनी रहेगी?
सरपंच संघ ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायतों के सरकारी एवं जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों के लिए रेत की रॉयल्टी राशि में नियमानुसार छूट अथवा विशेष राहत की व्यवस्था की जाए। पंचायतों के पास उपलब्ध सीमित संसाधनों में ही ग्रामीणों की मूलभूत जरूरतें पूरी करने की जिम्मेदारी होती है। ऐसे में रेत की बढ़ती लागत और अतिरिक्त वसूली पंचायतों के लिए बड़ी परेशानी बन रही है। सरपंचों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि गांवों के विकास, सरकारी धन के सदुपयोग और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से है।
ज्ञापन के माध्यम से सरपंच संघ ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि रेत खदानों में हो रही कथित अवैध वसूली पर तत्काल प्रभाव से अंकुश लगाया जाए और पंचायतों को रॉयल्टी के मामले में राहत प्रदान की जाए। यदि जल्द ही इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो जिले के समस्त सरपंच एकजुट होकर सरकारी एवं पंचायती विकास कार्यों के बहिष्कार जैसा कठोर निर्णय लेने के लिए बाध्य होंगे। सरपंचों का कहना है कि गांवों के विकास की जिम्मेदारी निभाने वाले जनप्रतिनिधियों को यदि बुनियादी निर्माण सामग्री ही उचित व्यवस्था और लागत पर उपलब्ध नहीं होगी, तो विकास कार्यों को सुचारु रूप से आगे बढ़ाना संभव नहीं होगा।
कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के दौरान जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस दौरान रेड़ा, उधरा, खुड़ू भांठा, कोतरी, कटेकोनी, सिरोली, पचपेड़ी, बारदुला, गंतुली, बरभांठा (ब), सुवातल, अमलीपाली, साल्हे, हरदी, बरभांठा (अ), दुर्गापाली, कलमी, हिर्री, सुंदराभाठा और जिल्दी सहित अनेक ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सरपंच संघ की इस पहल ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि गांवों के विकास से जुड़े मुद्दों पर पंचायत प्रतिनिधि चुप बैठने वाले नहीं हैं। उनका उद्देश्य किसी से टकराव नहीं, बल्कि अवैध वसूली पर रोक, पारदर्शी व्यवस्था और पंचायतों को विकास कार्यों के लिए उचित राहत दिलाना है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन सरपंचों की इस सामूहिक मांग पर कितनी शीघ्रता से ठोस कदम उठाता है।


