July 27, 2026

वनांचल के युवा नेतृत्व को मिली बड़ी जिम्मेदारी: कपिल देव नायक बने छत्तीसगढ़ सरपंच संघ के प्रदेश अध्यक्ष

1 min read
Spread the love
145 Views

वनांचल के युवा नेतृत्व को मिली बड़ी जिम्मेदारी: कपिल देव नायक बने छत्तीसगढ़ सरपंच संघ के प्रदेश अध्यक्ष

रायपुर स्थित इमराल्ड होटल में आयोजित छत्तीसगढ़ सरपंच संघ की राज्य स्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से जनपद पंचायत कसडोल जनपद पंचायत अंतर्गत वनांचल क्षेत्र की ग्राम पंचायत बया के सरपंच कपिल देव नायक को सरपंच संघ का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। उनके चयन की घोषणा होते ही प्रदेशभर के सरपंचों, इष्ट मित्रों, परिवारजनों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई तथा उन्हें बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।

कपिल देव नायक लंबे समय से सरपंच संघ की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे संघ की बैठकों, सम्मेलनों और संगठनात्मक कार्यक्रमों में नियमित रूप से भाग लेकर सरपंचों की समस्याओं को उठाने और उनके समाधान के लिए प्रयासरत रहे हैं। उनकी सक्रियता, मिलनसार व्यक्तित्व और संगठन क्षमता को देखते हुए उन्हें सर्वसम्मति से यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।

कपिल देव नायक वर्तमान में ग्राम पंचायत बया के सरपंच हैं। वनांचल क्षेत्र के विकास को लेकर उन्होंने सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा शासकीय योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रशासन के समक्ष उनकी समस्याओं को मजबूती से रखने में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है।

अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास, जनसहभागिता और पारदर्शी पंचायत व्यवस्था को बढ़ावा देने का प्रयास किया, जिसके कारण वे क्षेत्र में एक सक्रिय और जनप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में पहचाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में ग्राम पंचायत बया में विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली और ग्रामीणों को कई मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिला।

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद कपिल देव नायक ने कहा कि वे प्रदेश के सभी सरपंचों की आवाज़ को मजबूती से उठाएंगे तथा पंचायतों के अधिकार, ग्रामीण विकास और जनहित के मुद्दों पर संगठित होकर कार्य करेंगे। उनके चयन से वनांचल क्षेत्र सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

More Stories

You may have missed